Uttarakhand: भराड़ीसैंण में 19 अगस्त से मानसून सत्र, इस बार आपदा व पुनर्वास से जुड़े सवालों की होगी बौछार
Share

ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा में 19 अगस्त से होने वाले मानसून सत्र में आपदा व प्रभावित परिवारों के पुनर्वास से जुड़े सवालों की बौछार होगी। सत्र के लिए अब तक विधानसभा सचिवालय को पक्ष-विपक्ष के विधायकों से 545 प्रश्न प्राप्त हो चुके हैं।

मानसून सत्र के लिए एक सप्ताह का समय शेष बचा है। प्रदेश सरकार ने मानसून सत्र भराड़ीसैंण में कराने का निर्णय लिया है। राजभवन की अनुमति के बाद विधानसभा ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। सत्र 19 से 22 अगस्त तक चलेगा। इसके लिए विधानसभा सचिवालय ने सत्र को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए तैयारियां पूरी कर ली है।

सत्र के लिए विधायकों ने अपने विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित मुद्दों के 545 प्रश्न विधानसभा भेजे हैं। इस समय प्रदेश में प्राकृतिक आपदा घटनाओं व भूस्खलन से भारी नुकसान हुआ है। इसे देखते हुए विधायकों की ओर से आपदा व प्रभावितों के पुनर्वास से संबंधित प्रश्नों को सदन में उठाया जाएगा। विपक्ष भी आपदा, भ्रष्टाचार समेत अन्य मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति तैयार कर रहा है। हालांकि कांग्रेस विधानमंडल दल की बैठक में मुद्दों पर अंतिम निर्णय लेगी। उधर, सत्ता पक्ष भी विपक्ष के हर सवालों का मजबूती से जवाब देने की रणनीति बना रहा है।